Ujjain-बड़नगर विधायक के बेटे की मुश्किलें बढ़ी, पुलिस ने बढ़ाई इनाम की राशि
उज्जैन जिले की बड़नगर विधानसभा से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे बेटे करण मोरवाल पर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ा दी है। आरोपी की तलाश में बड़नगर पहुंची इंदौर पुलिस ने पोस्टर चस्पा किए।
उज्जैन। बड़नगर विधायक मुरली मोरवाल के आरोपी पुत्र करण मोरवाल के बारे में जानकारी देने पर 15000 हजार इनाम राशि की घोषणा की गयी है। गौरतलब है कि करण के खिलाफ एक युवती की शिकायत पर इंदौर की महिला थाना पुलिस ने बलात्कार एवं विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। हालांकि केस दर्ज होने के बाद से करण पुलिस की गिरफ्त से दूर है। यही कारण है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इनाम की राशि 5000 से बढ़ाकर 15000 कर दी।
इंदौर की पुलिस टीम ने लगाए पोस्टर
इंदौर महिला थाने से एसआई रश्मि पाटीदार, एएसआई ममता, बुद्धा मीणा सहित कुल दस पुलिसकर्मी शनिवार शाम बड़नगर पहुंचे। सभी ने शहर के विभिन्न चौराहों पर करण मोरवाल के पोस्टर चिपकाए। एएसआई रश्मि पाटीदार ने बताया कि करण के घर और गार्डन पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन करण वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने वहां पर भी पोस्टर चिपका दिए। बड़नगर के रहवासियों से करण के बारे में जानकरी देने के लिए कहा है।
इनाम राशि 5 से बढ़ाकर 15000 की
इंदौर महिला थाना पुलिस 376, 376(2)N, 376(2)J, 294, 506, 328 व 450 के गंभीर आरोपों में फरार विधायक पुत्र करन मोरवाल की तलाश कर रही है। करण पर 5 हजार के इनाम की घोषणा हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी के नाम दर्ज संपत्ति का ब्यौरा हासिल कर लिया है। तय समय पर यदि करण हाजिर नहीं हुआ तो पुलिस आरोपी करण मोरवाल के नाम दर्ज संपत्ति अटैच करने की तैयारी में है।
यह है पूरा मामला
इंदौर के राउ इलाके में रहने वाली एक युवती ने अप्रैल महीने में करण मोरवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि बड़नगर से कांग्रेस विधायक का बेटा करण मोरवाल एक अन्य महिला कार्यकर्ता से दोस्ती हुई और बात शादी तक पहुंच गई। युवती का आरोप है कि इसी दौरान करण ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती ने जब शादी के लिए कहा तो करण मोरवाल धमकाने लगा। उसने शादी से इंकार भी कर दिया। इसके बाद करण और युवती के बीच के ऑडियो भी वायरल हुए थे।